पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा-शिलाई एनएच मार्ग पर गोंदपुर के समीप एक ट्रक की टक्कर से एक व्यक्ति घायल हो गया। गंभीर हालत में घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुुरू कर दी है।
सोमवार को गोंदपुर के समीप सड़क हादसा हुआ। एक मिनी ट्रक ने औद्योगिक क्षेत्र गोंदपुर निवासी धर्मपाल (62) पुत्र गुरदयाल को टक्कर मार दी। एसटीओयू कार्यालय में कार्यरत धर्मपाल टक्कर लगने से गंभीर रुप से घायल हो गए। घायल को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही, सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन अध्यक्ष बलजीत सिंह नागरा यूनियन के अन्य पदाधिकारियों के साथ सिविल अस्पताल पहुंचे जिससे गंभीर रुप से घायल व्यक्ति को आगामी उपचार को पीजीआई चंडीगढ़ या किसी अन्य अस्पताल में पहुंचाया जा सके लेकिन घायल ने सिविल अस्पताल पहुंचने पर उपचार के दौरान ही दम तोड़ दिया।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि मिनी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गोंदपुर में हुए सड़क हादसे में गोंदपुर निवासी धर्मपाल पुत्र गुरदयाल की मौत हो गई है। सड़क हादसे के मामले की जांच की जा रही है।
--------------