कालाअंब (सिरमौर)। आपके मोबाइल पर कॉल कर कोई आपसे आधार नंबर या एटीएम नंबर पूछे तो सावधान! यह निजी जानकारी सार्वजनिक करना आपके लिए महंगा साबित हो सकता है। सिरमौर जिले के कालाअंब क्षेत्र के एक व्यक्ति को ऐसा ही चूना लगा है। एटीएम और आधार नंबर बताते हुए विनोद कुमार नामक इस शख्स के खाते से 59 हजार रुपये गायब हो गए। इस संदर्भ में विनोद ने कालाअंब थाना में शिकायत दी है जिसके आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कालाअंब थाना के तहत एक युवक के बैंक खाते से 59 हजार ऑनलाइन चोरी का मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बर्मा पापड़ी पंचायत के लेही गांव के विनोद कुमार ने पंजाब नेशनल बैंक शाखा कौलांवालाभूड़ की शाखा से एक सप्ताह पहले ही एटीएम कार्ड लिया था। 17 दिसंबर को उसे एक फोन कॉल आई। उसे कहा गया कि आरबीआई की ओर से उसके खाते की वेरिफिकेशन की जा रही है। जिसके बाद उसका आधार नंबर और एटीएम कार्ड नंबर पूछा गया।
उसने भी तमाम जानकारी दे दी। फोन कट होते ही उसे 59 हजार रुपये खाते से ट्रांसफर होने का मेसेज आया। विनोद बिजली की फिटिंग का कार्य करता है।
विनोद ने बताया कि मुश्किल से उसने यह राशि जुटाई थी। उसकी मेहनत की कमाई जाने का उसे गहरा दुख है। उसके अनुसार उसे 7782872735 नंबर से कॉल आई थी, जिस पर उसने तमाम जानकारी दी। विनोद कुमार ने इसके बाद बैंक व कालाअंब थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। एसएचओ कालाअंब योगेंद्र सिंह ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि साइबर ब्रांच को मामला ट्रांसफर किया गया है। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।
----
अलर्ट-----
पुलिस के अनुसार किसी भी अज्ञात कॉल से सावधान रहें। यदि कोई आपसे आधार नंबर, एटीएम नंबर या पिन नंबर पूछे तो कतई न दें। इस तरह की यह कॉल ऑनलाइन ठगी करने वाले शातिरों की भी हो सकती है। वहीं, पुलिस का यह भी कहना है कि एटीएम से पैसे निकालते वक्त भी अपनी गोपनीयता बनाए रखें। किसी से अपना पासवर्ड और एटीएम नंबर शेयर न करें।