नाहन (सिरमौर)। माजरा इलाके में बीते शुक्रवार को परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। मामले में छात्रा के परिजनों ने एएसपी को शिकायत पत्र सौंपकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने की गुहार लगाई है।
छात्रा के परिजनों ने एएसपी को बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे छात्रा परीक्षा देकर स्कूल के घर वापस लौट रही थी। इस दौरान एक युवक छात्रा को जबरदस्ती कमरे में ले गया। इस दौरान पेपर देकर लौट रही छात्रा की बहन ने उसे कमरे में देख लिया। इसके बाद आरोपी मस्जिद की तरफ भाग गया।
छात्रा ने घर पहुंचकर आप बीती सुनाई तो तत्काल माजरा पुलिस चौकी में आरोपी के खिलाफ छात्रा के घरवाले शिकायत लेकर पहुंचे। इसी बीच आरोपी कुछ लोगों को लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया। आरोपी ने पुलिस थाने में मामला शांत करने की कोशिश की लेकिन एफआईआर नहीं होने दी।
परिजनों ने एएसपी को बताया कि उसका परिवार काफी गरीब व असहाय है। माफीनामा देकर आरोपी केस से बचना चाहता है लेकिन भविष्य में भी परिवार को आरोपी से खतरा बना हुआ है। छात्रा के चाचा व अन्य परिजनों ने एएसपी से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाकर मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है ताकि छात्रा को न्याय मिल सके।
-----------