पांवटा साहिब (सिरमौर)। जनपद सिरमौर के पांवटा से सटे माजरा इलाके में हजरत सैय्यद पीर बाबा की मजार के साथ तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। गुलाबगढ़ में स्थित इस मजार पर हुई तोड़फोड़ से धार्मिक भावना को ठेस पहुंची है। करतूत शरारती तत्वों की प्रतीत हो रही है। इस संदर्भ में मजार की नौगजिया कमेटी ने माजरा चौकी में शिकायत दर्ज की है। पुलिस ने कमेटी की शिकायत के आधार पर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार माजरा क्षेत्र के गुलाबगढ़ में सैय्यद पीर बाबा की मजार को क्षतिग्रस्त किया गया है। मजार पर चढ़ाई गई चादरों को भी जलाया गया है। जानकारी अनुसार गुलाबगढ़ से तकरीबन एक किलोमीटर की दूरी पर बाबा की मजार है जिसका इतिहास सैकड़ों साल पुराना है।
विज्ञापन
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार अज्ञात शरारती तत्वों ने मजार में तोड़फोड़ की है। मजार पर चढ़ाई गई चादरों को जलाने के साथ वहां लगी स्ट्रीट लाइटों को भी तोड़ा फोड़ा गया है। कमेटी के अध्यक्ष तालिख व अन्य सदस्यों ने माजरा चौकी में इसकी शिकायत की है। उधर, धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाली इस हरकत के बाद पुलिस भी अलर्ट हुई है। मामले की छानबीन गहनता से की जा रही है। पुलिस के अनुसार इलाके के कीरतपुर नामक स्थान पर भी मजार को तोड़ा गया है। इस पर पुलिस ने पहले ही मामला दर्ज किया था। अब गुलाबगढ़ में हुई तोड़फोड़ को भी पुलिस गंभीरता से ले रही है।
डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने पर भादंसं की धारा 295 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा।