थाना क्षेत्र शिलाई के अंतर्गत सिविल सप्लाई कार्पोरेशन में कार्यरत एक मजदूर ने बीते मंगलवार को जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। प्राप्त जानकारी अनुसार शिलाई निवासी गीता राम (35) मंगलवार को मजदूरी कर शाम को घर आटे का कट्टा लेकर आया था। घर पहुंचने के बाद उसने अचानक कीटनाशक दवाई निगल ली। कुछ देर बाद जब उसे तबीयत बिगड़ी तो परिजनों के पूछने पर बताया कि उसने जहरीली दवा खाई है।
परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से उसे शिलाई अस्पताल पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने उसे पांवटा अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन पांवटा अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। गीता राम की पत्नी अपनी बीमार माता का इलाज करवाने शिमला गई हुई थी। उधर, पंचायत प्रधान रमेश नेगी व गीता राम के भाई कनकूराम ने मौत की पुष्टि की है। गीता राम ने किस वजह से जहर निगला इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।