धौलाकुआं (सिरमौर)। जिले में चोरी की वारदातों का सिलसिला जारी है। चोर घरों और दुकानों से लाखों के नकदी और गहने चोरी कर रहे हैं। इससे क्षेत्र के लोग दहशत में है। इससे पुलिस की कार्रवाई भी संदेह के घेरे में है। पुलिस चौकी माजरा के अंतर्गत वीरवार रात को चोर एक फौजी के घर से लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हो गए।
धौलाकुआं में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। फौजी के घर में हुई चोरी के दौरान दो युवकों को घर के आसपास बिना नंबर की बाइक के साथ भी देखा गया। इनमें से एक हालांकि भाग गया, जबकि दूसरे को ग्रामीणों ने रात को ही पुलिस के हवाले कर दिया। उधर, पुलिस ने शिकायत के आधार पर इस मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार वीरवार रात को धौलाकुआं में शादी समारोह था जहां शादी थी वहां पड़ोस में ही
कृषि विभाग से सेवानिवृत्त हुए गुरमेश सिंह का मकान है। गुरमेश का बेटा फौज में है।
पंचायत प्रधान मलकीयत सिंह ने बताया कि रात को चोरों ने गुरमेश के घर की ऊपरी मंजिल के तमाम ताले तोड़े और लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर लिया। इसके बाद चोर निचली मंजिल में भी दाखिल हुए थे लेकिन गुरमेश के दूसरे बेटे ने आवाज सुन ली। इसके बाद उसने ग्रामीणों और पंचायत प्रधान को सूचना दी।
प्रधान ने बताया कि इस दौरान ग्रामीणों ने दो युवाओं को इलाके में देखा। दोनों के पास बिना नंबर के बाइक थे। इनमें से एक को रात को ही पुलिस के हवाले कर दिया था। जबकि दूसरा फरार हो गया। प्रधान के अनुसार चोर फौजी के घर से लाखों रुपये के जेबर लेकर फरार हो गए हैं। सोने के तीन गले के हार, तीन टीकें, कड़े और चांदी के कुछ अन्य जेबर चोरी हुए बताए जा रहे हैं।
उधर, एसएचओ अशोक चौहान ने बताया कि शिकायत मिली है जिसके आधार पर छानबीन की जा रही है।
---------------
विधायक ने एसपी को लिखा पत्र
नाहन (सिरमौर)। नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने माजरा इलाके में हो रही चोरियों के मामले में एसपी को पत्र लिखा है। एसपी को लिखे पत्र में बिंदल ने कहा है कि माजरा चौकी के अंतर्गत आए दिन चोरियां हो रही हैं। माजरा, सैनवाला, मुबारिकपुरं, रामपुर, भारापुरं, धौलाकुआं में हो रहीं चोरियों से लोगों में दहशत का माहौल है। बिंदल ने कहा कि गत रात्रि एक फौजी के घर से चोर घर के गहनों पर हाथ साफ कर गए। उनका कहना है कि इतनी अधिक चोरियां भविष्य के लिए अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने एसपी से आग्रह किया है कि इन वारदातों का हल निकाला जाना चाहिए।