पांवटा साहिब (सिरमौर)। छह दिनों से लापता चल रही गिरिपार क्षेत्र की एक युवती का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है। अर्धनग्न अवस्था में मिले जीर्णशीर्ण शव को जंगल में दबाने के प्रयास किए गए हैं। मौका-ए-वारदात की स्थित से मामला हत्या का लग रहा है, जबकि गैंगरेप की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस मामले में दो लोगों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने भादंसं की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गिरिपार की युवती के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई। इसके बाद डीएसपी भीष्म ठाकुर, थाना प्रभारी अशोक चौहान टीम सहित तलाश में जुटे थे। धारटीधार में लड़की के मोबाइल की लास्ट लोकेशन मिली। इस क्षेत्र पर तलाश अभियान फोकस किया गया। बाइला क्षेत्र के ही कुछ लोगों ने जंगल क्षेत्र से बदबू की बात कही थी। तलाशते हुए मौके पर पहुंचे तो सब हैरान रह गए। लड़की अर्ध नग्न हालत में पत्थरों से दबाई गई थी। शव का कुछ हिस्सा ही बाहर रहा था। मृतक के शरीर पर केवल एक शर्ट थी। काफी दिनों से पड़े होने के कारण, शव जीर्णशीर्ण हालत में था जिसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। इस लड़की के साथ कंपनी के प्रोडक्ट बेचने वाली दूसरी लड़की को बुलाया गया जिसने पांव में पहनी जूती से पहचान कर ली। इसके बाद मौके पर परिजनों को बुला लिया।
उधर, डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि बाइला में युवती का शव मिला है। शव को पत्थरों से दबाने का प्रयास किया गया था। गिरिपार की लापता युवती के परिजनों व सहेली ने मृतक की पहचान कर ली है। इस मामले में 2 लोगों से कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा रिपोर्ट जुग्गा लैब भेजी जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही हत्या की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
..........
...ऐसे हुई थी युवती की गुमशुदगी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। गिरिपार निवासी एक 24 वर्षीय युवती 6 दिनों से लापता चल रही थी। युवती एक कंपनी के कार्यालय में प्रोडक्ट बेचने का कार्य करती थी। 31 मई की सुबह घर से कार्यालय निकली ती। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसकी पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस ने युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली। परिजनों को इलाके में शव होने की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर आ गई।