मोगीनंद/ कालाअंब (सिरमौर)। जनपद सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में हुए विस्फोट के कारणों का अभी तक पुलिस को पता नहीं चल सका है। हालांकि, स्क्रैप के साथ सिलेंडर होने की आशंका जताई जा रही है। इसकी वजह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने मौके से कुछ सैंपल जुटाए हैं। इन्हें जांच के लिए एफएसएल लैब को भेजा गया है। एफएसएल की रिपोर्ट के बाद ही धमाके का खुलासा हो सकेगा। उधर, पुलिस ने इस संदर्भ में मेटल फैक्टरी के एक अधिकारी पर लापरवाही का केस दर्ज किया है।
गौरतलब है कि रविवार देर रात खैरी में चल रही एक मेटल फैक्टरी में जोरदार धमाका हुआ था जिससे हरियाणा के एक मजदूर की मौत हो गई थी। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे की वजह क्या रही लेकिन कहीं तो लापरवाही हुई है। इस वजह से यह हादसा पेश आया। कहा जा रहा है कि फैक्टरी में स्क्रै ब को पिघलाने से पहले यदि सावधानी बरती होती तो शायद यह हादसा नहीं होता। मंगलवार को पुलिस ने घटना स्थल से कुछ सैंपल एकत्रित किए हैं जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस विस्फोट के कारणों का पता चल सकेगा।
एसएचओ कालाअंब योगेंद्र सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हादसे की वजह का पता फोरेंसिक रिपोर्ट से ही पता चल पाएगा। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह लापरवाही लग रहा है। लिहाजा, फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। इसमें बाकायदा एक अधिकारी को नामजद भी किया गया है।