धौलाकुआं (सिरमौर)। पांवटा साहिब से सटे खारा जंगल में शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। सिरमौर पुलिस की टीम ने जंगल में दबिश देकर शराब माफिया के ठिकानों का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जंगल में कच्ची शराब की पांच भट्ठियां पकड़ी। पुलिस टीम की अगुवाई एसपी सिरमौर सौम्या साम्बशिवन ने स्वयं की। पुलिस ने मौके पर मिली भट्टियों सहित हजारों लीटर लाहण को नष्ट कर दिया है। जबकि पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि खारा का जंगल अवैध शराब सुर्खियों में रहा है। पुलिस की इस जंगल में चल रहे शराब माफिया के इस कारोबार पर पैनी नजर थी। मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने प्लान तैयार करते हुए जंगल में छापेमारी की।
एसपी सौम्या साम्बशिवन की अगुवाई में विशेष अन्वेक्षण इकाई (एसआईयू) और पांवटा पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से जंगल में शराब बनाने की पांच चलती भट्टियों को पकड़ा। छापेमारी के दौरान मौका पर 36 ड्रमों में करीब 5400 लीटर लाहण व दो रबड़ की ट्यूबों में करीब 80 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। बरामद हुई लाहण के सैंपल लेकर मौके पर ही नष्ट किया गया।
खारा निवासी पांच व्यक्तियों मान सिंह पुत्र प्रीता, राम लाल पुत्र जय दयाल, अवतार सिंह पुत्र मदन, तीखु पुत्र किशना, जितेंद्र हेम राज के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी सौम्या साम्बशिवन ने बताया कि नशे का कारोबार करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा। इस तरह के मामलों में पुलिस सख्ती से पेश आएगी।