नाहन(सिरमौर)। आबकारी एवं कराधान विभाग की सिरमौर टीम ने बाहरी राज्यों से बिना टैक्स अदा किए हिमाचल के विभिन्न शहरों में सामान लेकर आ रहे व्यापारियों पर शिकंजा कस दिया है। इस मुहिम में विभाग की नाहन टीम ने रविवार रात्रि व सोमवार को कालाअंब, परमाणू, धर्मपुर व ओच्छघाट क्षेत्र में छापेमारी व चेकिंग की। टीम ने इस दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश व पंजाब से स्क्रै प, मारबल, करियाना व इलेक्ट्रॉनिक गुड्स बिना बिल के लेकर आ रहे व्यापारियों को पकड़ा जिन्होंने प्रदेश के किसी भी बैरियर पर इस सामान का टैक्स जमा नहीं करवाया था।
नाहन की टीम ने सिरमौर जिला के कालाअंब, सोलन जिला के परमाणू, धर्मपुर व ओच्छघाट में 11 लाख 28 हजार का सामान बिना बिल के पकड़ा। इन व्यापारियों से मौके पर ही दो लाख 82 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया है। आबकारी एवं कराधान विभाग की इस टीम में ईटीओ मनोज कुमार, एईटीओ विपिन पोसवाल, ईटीआई कुलदीप भारद्वाज शामिल थे।
सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान विभाग सिरमौर विनोद कश्यप ने बताया कि विभाग की टीम समय-समय पर हाईवे व अवैध रास्तों पर नाके लगाकर वाहनों को चेकिंग करती है। प्रदेश के कुछ व्यापारी ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में बाहरी राज्यों से सामान लाते हैं, मगर प्रदेश की सीमाओं पर स्थित आबकारी एवं कराधान विभाग के बैरियरों पर टैक्स नहीं चुकाते। उन्होंने कहा कि विभाग की यह मुहिम भविष्य में जारी रहेगी।
---------------------------