थाना क्षेत्र पांवटा के तहत डोईयोवाला गांव में रविवार को खेत की मेड़ तोड़ने को लेकर मामूली सी बात पर दो गुटों में जमकर डंडे व लात-घूंसे चले। दोनों गुटों के 3 लोगों को चोटें आई हैं। एक गंभीर रूप से घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। पुलिस ने दोनों गुटों के करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सौम्या साम्बशिवान की ओर से जारी बयान के अनुसार पावंटा थाने में डोईयोवाला गांव निवासी राजवीर पुत्र सीता राम ने मामला दर्ज कराया कि जब वह अपने खेतों में पानी लगा रहा था तो उसके साथ के खेत में माया राम ट्रैक्टर से खेत जोत रहा था। उसने मायाराम से खेत की मेड़ के साथ छेड़छाड़ न करने को कहा। इस पर मायाराम ने उसके साथ गाली गलौच तथा मारपीट की। इसी बीच मायाराम का पिता जुल्फी राम, सन्नूराम, पवन कुमार, लेखराज, बाला देवी ने भी उसके साथ जमकर मारपीट की।
उधर, दूसरे गुट के मायाराम ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि जब वह अपने खेत ट्रैक्टर से जोत रहा था तो राजवीर व उसके पिता सीता राम ने उसके साथ मारपीट की। जब उसे बचाने उसका भाई लेखराज आया तो राजवीर के परिवार वाले संतोष कुमारी, अछरो देवी, अनिता देवी, वीर सिंह ने उसकी तथा उसके भाई की डंडों से जमकर पिटाई कर दी। जिससे उसके भाई लेखराज को गंभीर चोटें आईं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दोनों गुटों की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।