पांवटा साहिब (सिरमौर)। धारटीधार के बाइला जंगल में हुई युवती की हत्या के मामले की जांच जारी है। मोबाइल डंप डाटा मिलने पर कई परतें खुलेंगी। अन्य आरोपियों तक पहुंचने में डाटा अहम भूमिका निभा सकता है। शिमला से पोस्टमार्टम रिपोर्ट सोमवार तक पहुंचने की उम्मीद है। डंप डाटा व पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर हत्याकांड की जांच तेजी से आगे बढ़ सकेगी। इस जघन्य हत्याकांड का एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है जो पुलिस रिमांड पर चल रहा है। पुलिस जांच टीम अब तक करीब एक दर्जन संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
बतातें चले कि हत्या के मुख्य आरोपी विपिन ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है लेकिन पीड़ित परिवार के परिजनों व रिश्तेदारों को संदेह है कि और भी आरोपी हत्या में शामिल हैं। जो परिजन व रिश्तेदार मौका ए वारदात पर गए उनका मानना है कि ऐसे स्थल पर पहुंचना कठिन है। इस हत्याकांड के बाद शव ठिकाने लगाने में और आरोपी शामिल हैं। पुलिस जांच टीम ने डंप डाटा मंगवाया है जिससे जंगल के आसपास व वारदात स्थल पर उस दौरान की लोकेशन का पता चल सकेगा। सोमवार तक आईजीएमसी शिमला से पोस्टमार्टम रिपोर्ट पहुंच जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्याकांड से पूर्व कथित गैंग रेप आशंका का भी पता चल सकेगा। जांच अधिकारी एसएचओ पांवटा अशोक चौहान की टीम सभी पहलुओं पर जांच आगे बढ़ा रही है। विगत, बुधवार को आरोपी विपिन को मौका-ए-वारदात पर ले गए थे जहां पर कुछ दूरी पर छिपाए गए कंपनी प्रोडक्ट, लड़की के मोबाइल की बैटरी व मेमोरी कार्ड बरामद हुआ। आरोपी ने हत्या के बाद बेग को पांवटा के समीप बाता नदी में फेंका दिया था। लाल रंग के बैग नदी के किनारे पर मिला था। कंपनी के बिक्री को ले जाए गए प्रोडक्टस व बैग की सहेली ने पहचान कर ली थी।
उधर, डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि डंप डाटा मंगवाया गया है। शीघ्र शिमला से शीघ्र पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है। आरोपी के रिश्तेदारों समेत करीब 1 दर्जन संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।
------------------------