नौहराधार (सिरमौर)। सोलन-मिनस सड़क मार्ग पर घंडूरी नामक स्थान पर आल्टो 800 कार गिर गई। मंगलवार सुबह लगभग 70 मीटर खाई में गिरने के कारण कार में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नौहराधार से राजगढ़ अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
सिरमौर जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। दो दिन पहले शिमला से लौट रहे यूपी के पर्यटकों की एक बोलेरो कार अनियंत्रित होकर सराहां के समीप खाई में गिर गई थी जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। ताजा घटनाक्रम में घंडूरी के समीप दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां आल्टो कार लुढ़कने के कारण एक युवक की जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह एक आल्टो कार (एचपी 01-0241) चाड़ना से नौहराधार जा रही थी। कार में कुल चार लोग सवार थे। घंडुरी के समीप एक ट्रक को पास देते हुए कार सड़क से बाहर चली गई और लगभग 70 मीटर नीचे लुढ़ककर कलम रोड पर पहुंच गई। हादसे में तलांगना निवासी ओमी चंद पुत्र कुबिया राम (28) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार मालिक कफराड़ी निवासी कपिल पुत्र मोहन लाल (40) व उसके छोटे भाई अनिल (36) को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में शिमला जिले के बौरा गांव का केदार सिंह (36) भी शामिल है।
तीनों घायलों को पीएचसी नौहराधार पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजगढ़ रेफर किया गया है। नौहराधार के तहसीलदार ने घटना स्थल का दौरा करके मृतक के आश्रितों को 10 हजार की फौरी राहत प्रदान की। घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी गई।
चौकी प्रभारी नौहराधार नीलकंठ ने बताया कि चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है। हादसे में मारे गए ओमी चंद के निधन पर भाजपा के पूर्व विधायक हृदय राम ने गहरा शोक प्रकट किया है।