बाइक सवार राहगीर को टक्कर मारकर मौके से फरार
रामपुरघाट में देर रात को पेश आया हिट एंड रन का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के रामपुर घाट संपर्क मार्ग पर एक बाइक सवार ने पैदल चल रहे कामगार को टक्कर मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया। हादसे के बाद आरोपी बाइक समेत मौके से फरार हो गया। लोगों ने घायल को 108 एंबुलेंस में अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। जामनीवाला निवासी अजय कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को सौंपी शिकायत में जामनीवाला निवासी अजय कुमार पुत्र उजागर सिंह ने कहा कि वह जीओन लाइफ साइंस कंपंनी में कार्यरत है। शनिवार रात को उसके साथी कामगार सुखविंद्र सिंह का फोन आया कि एक बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी है। बाइक सवार मौके से फरार हो गया। शिकायतकर्ता ने कहा कि इस हादसे में सुखविंद्र सिंह की टांग व शरीर पर चोटें लगी हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक का नंबर पुलिस को दिया है। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने कहा कि पुलिस जांच में जुटी है।