पहले नेपाली को पीटा और फिर बंधक बनाकर लूटा घर
पच्छाद के कमाहां की घटना, तीन नकाबपोशों ने दिया वारदात को अंजाम
डेढ़ लाख के आभूषणों पर किया हाथ साफ
अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र की बजगा पंचायत के कमाहां गांव में सोमवार रात तीन नकाबपोश लुटेरों ने एक नेपाली मूल के व्यक्ति को बंधक बनाकर लूटपाट की। नेपाली को पीटकर उसके हाथ- पांव बांधे और पलंग पर लेटा दिया। इसके बाद लुटेरे घर में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक लुटेरों का सुराग नहीं लग पाया है। नकाबपोश चोरों ने घर में नेपाली के अकेले होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात करीब 9 बजे कमाहां निवासी कमल शर्मा के घर में तीन नकाबपोशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कमल शर्मा स्वयं शिमला सचिवालय में सेवारत हैं। वह परिवार सहित शिमला में ही रहते हैं। घर की देखभाल के लिए राम बहादुर नामक नेपाली को रखा गया है। वह करीब चालीस सालों से कमल शर्मा के यहां परिवार के सदस्य की तरह रह रहा है। सोमवार रात नौ बजे वह शौचालय गया तो नकाबपोश चोरों ने बाहर से कुंडी लगाकर उसे बंद कर दिया। जब नेपाली ने जोर-जोर से आवाजें लगानी शुरू कीं तो नकाबपोशों ने कुंडी खोलकर पहले राम बहादुर के साथ मारपीट की और फिर तीनों बदमाशों ने उसे बुरी तरह से पीट कर घायल कर दिया। इसके बाद रस्सी से उसके हाथ और पांव बांध कर मुंह पर टेप लगा दी और पलंग पर लेटाकर रजाई भी ओढ़ा दी। इसके बाद चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। सभी कमरों की तलाशी लेने के बाद चोरों ने घर में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये के जेबरातों पर हाथ साफ किया। मध्य रात्रि करीब तीन बजे राम बहादुर ने किसी तरह से हाथ की रस्सी को काटा और फिर पड़ोसी के पास जाकर आपबीती सुनाई। मकान मालिक कमल शर्मा को घटना के बाद जानकारी दी गई। जबकि पुलिस को भी सूचित कर दिया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची। थाना प्रभारी अशोक सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। चोरों की तलाश की जा रही है।
इन गहनों को लेकर फरार हुए शातिर
नकाबपोश लुटेरों ने चांदी के 20 सिक्के, चांदी की पायल, मालाएं, चांदी की ज्योत, कांटे समेत विभिन्न गहनों पर हाथ साफ किया है। इसके अलावा सोने की नथ, सोने का पैंडल आदि भी ले गए हैं। चोरों ने काफी देर तक बैठकर सिगरेट आदि भी पी है।
पहले तो नहीं की थी रैकी
गांव में हुई चोरी की वारदात से दहशत का माहौल है। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले ही घर की रेकी कर रखी थी। चौकीदार को शौचालय से निकालकर पीटना और फिर रस्सी से बांध देना आदि इसी ओर इशारा कर रहा है। चोरों को पहले ही पता था कि कहां पर क्या-क्या सामान रखा हुआ है।