पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा के एक निजी स्कूल के चौकीदार के कमरे का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। शातिर एटीएम कार्ड, बैंकपास बुक और आधार कार्ड उड़ा ले गए। इसके बाद शातिरों ने एटीएम से 48 हजार राशि भी उड़ा ली है।
पुलिस के अनुसार मुजफ्फरनगर के ग्राम फुलत निवासी सुनील कुमार पुत्र भोपाल सिंह ने इस संबंध में पांवटा थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। सुनील ने बताया कि वह निजी स्कूल में चौकीदार है। 13 मई दोपहर को को वह परिवार के साथ दवाई लेने गया था। वापस लौटा तो देखा कि कमरे का ताला टूटा था। कमरे से एटीएम, बैंक की पासबुक, आधार कार्ड और पेन कार्ड भी गायब मिला।
इसके बाद 14 मई को पांवटा में बैंक शाखा से पत्नी के खाते से 25 हजार कैश निकाल लिया। एटीएम स्वैप कर शातिरों ने 23,500 रुपये पांवटा के एक म्यूजिकल सेंटर से सामान भी खरीद लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, थाना प्रभारी पांवटा अशोक चौहान ने मामले की पुष्टि की है।