अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)।
सराहां के दाड़ो देवरिया स्कूल में अध्ययनरत एक छात्र को शिक्षक ने डंडे से पीट डाला। इससे छात्र की कलाई में चोटें आई हैं। इस मामले में छात्र के पिता ने शिक्षक के खिलाफ पच्छाद पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है।
उधर, पुलिस ने पिता की शिकायत पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पच्छाद के सोहाला निवासी सुरेंद्र सिंह का बेटा 9वीं कक्षा का छात्र है। बीते दिन भी पीड़ित छात्र रोजमर्रा की तरह स्कूल गया लेकिन शाम को जब वह घर लौटा तो छात्र ने कलाई में काफी दर्द की शिकायत की। चोटों के निशान भी कलाई पर देखे जा सकते थे। पिता के पूछने पर छात्र ने बताया कि स्कूल के एक शिक्षक ने उसकी डंडों से पिटाई की। इस पर सुरेंद्र सिंह ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ छात्र को डंडे से मारने का मामला दर्ज करवाया।
उधर, एसपी सिरमौर सौम्या साम्बशिवन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पच्छाद पुलिस थाना में सुरेंद्र सिंह की शिकायत पर छात्र को डंडे से मारने का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पच्छाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 323 व धारा 23 जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के अधीन अभियोग पंजीकृत किया है। उन्होंने बताया मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
--दाड़ो देवरिया स्कूल का मामला, छानबीन शुरू
पुलिस ने जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत दर्ज किया मामला : एसपी
--------------------