पांवटा साहिब(सिरमौर)। खनन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। शनिवार रात को अंधेरे में छापेमारी करते हुए विभाग ने छह ट्रक खनन करते हुए पकड़े। सभी ट्रक सीज किए गए हैं। विभाग की इस कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया है। टीम ने अवैध खनन के स्थानों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों पर जेसीबी लगाकर बंद कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जिला खनन अधिकारी को पिछले कुछ दिनों से रात के अंधेरे में अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थी। इसके बाद एमओ सिरमौर ने एक टीम गठित कर दी। शनिवार रात्रि से रविवार सुबह तक छापेमारी अभियान चला। इस दौरान रामपुरघाट, नवादा, धौलाकुआं, माजरा व पांवटा में नदी नालों के आसपास क्षेत्रों में छापेमारी की गई। इस दौरान खनन विभाग के निरीक्षक राजबन मंगतराम की टीम ने आधा दर्जन ट्रक पकड़ कर सीज कर दिए हैं। वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उधर, जिला खनन अधिकारी सुरेश भारद्वाज ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर खनन विभाग के निरीक्षक राजबन के नेतृत्व में टीम गठित कर दी गई। शनिवार देर रात से छापेमारी अभियान शुरू किया गया। शनिवार रात से रविवार सुबह तक टीम ने 6 ट्रकों को अवैध खनन करते हुए पकड़ लिया है। इन ट्रकों को सीज कर खनन विभाग आगामी कार्रवाई कर रहा है। जिला सिरमौर के संदिग्ध अवैध खनन स्थलों पर अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं चोर रास्तों को भी जेसीबी लगाकर बंद कर दिया है।