अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
ददाहू-धौलाकुआं सड़क पर शनिवार दोपहर को एक टिप्पर के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल ददाहू पहुंचाया गया, जहां दोनों घायलों के प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार एक टिप्पर शनिवार दोपहर को पांवटा साहिब से ददाहू की ओर आ रहा था कि कोटली मोड़ के समीप ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक में सवार धारटारन निवासी 32 वर्षीय संदीप व 22 वर्षीय बड़ग निवासी शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों को हादसे की खबर मिलते ही दुर्घटनास्थल से घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को ददाहू अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि टिप्पर में तीन लोग सवार थे। तीसरे व्यक्ति ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। घायलों को ददाहू में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि माजरा पुलिस थाना में सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
--------------