अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा पुलिस और सुरक्षा शाखा की संयुक्त टीम ने नशे का अवैध कारोबार करने वालों पर शिकंजा कस दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी के दौरान टीम ने एक नाबालिग को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। केदारपुर मार्ग पर लगाए गए नाके के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस ने कार्रवाई के बाद नाबालिग को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पांवटा पुलिस के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि स्मैक के तस्कर बिक्री के लिए क्षेत्र में पहुंच सकते हैं। इसके बाद पांवटा पुलिस व सुरक्षा शाखा की संयुक्त टीम ने शनिवार देर शाम को केदारपुर के समीप लोगों पर नजर रखनी शुरू की। देर रात पुलिस टीम को देख कर एक पैदल चल रहा युवक घबरा गया। संदेह होने पर पुलिस टीम का नेतृत्व कर रहे विकास कल्याण, मुख्य आरक्षी संजीव कुमार, आरक्षी प्रदीप कुमार, उमेश व विनय कुमार ने उसे रोक लिया।
हरियाणा के जगाधरी निवासी 17 वर्षीय नाबालिग की जब तलाशी ली गई तो उससे 4 ग्राम 75 मिली ग्राम स्मैक बरामद की गई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपी नाबालिग होने पर परिजनों को बुलाया गया। मामला दर्ज करने की कार्रवाई पूरी होने पर आरोपी को उसके भाई के सुपुर्द किया गया। आरोपी को जुबेनियल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। नाबालिग होने पर उसे परिजनों के सुुपुर्द कर दिया गया। डीएसपी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर टीम चौकस नजरें रखे हुए है जिससे अवैध नशे पर अंकुश लगाया जा सके।
--नाबालिग से 4.75 ग्राम स्मैक बरामद
केदारपुर मार्ग पर नाका लगाकर दबोचा नाबालिग
पुलिस ने मामला दर्ज कर परिजनों के हवाले किया