पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के बद्रीपुर में एक व्यापारी को लूटने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। बाइक पर सवार आरोपियों की संख्या तीन बताई जा रही है। रास्ता रोककर बाइक सवारों ने कारोबारी से बैग छीनने का प्रयास किया। कारोबारी और बाइक सवारों में खूब जोर आजमाइश भी हुई। लेकिन, व्यापारी ने अपना बैग नहीं छोड़ा और शोर मचाया। इसके बाद शातिर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत दर्ज कर जांच शुुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार बद्रीपुर के माजरा निवासी व्यापारी राजू बुधवार देर रात दुकान बंद कर अपने घर जा रहा था। इस बीच बाइक सवार तीन लोगों ने कैश बैग छीनने का प्रयास किया। अचानक हुई वारदात के बावजूद व्यापारी ने बैग छीनने वालों का मुकाबला किया। सड़क के साथ लगती झाड़ियों में गुत्थमगुत्थी हुई। मारपीट कर बैग छीनने का प्रयास किया गया। व्यापारी ने शोर मचाया तो बाइक सवार अंधेरे का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। अंधेरा होने के कारण व्यापारी बाइक का नंबर व आरोपियों की पहचान नहीं कर सका। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर भेज दी गई थी। आरोपियों की तलाश की जा रही है।