नाहन (सिरमौर)।
शहर के वाल्मीकि मोहल्ला में बुधवार दोपहर एक व्यक्ति के मकान में आग लग गई। हालांकि आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है लेकिन इस अग्निकांड में घर से रखा सामान जलकर राख हो गया।
इसके अलावा आग से कुछ नकदी भी जल गई। गनीमत यह रही कि रसोई घर में रखा सिलेंडर आग की चपेट में आने से बच गया। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार वाल्मीकि मोहल्ला निवासी मामचंद के घर में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। इसके बाद आग की सूचना दमकल विभाग को दी गई।
विभाग के कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैस सिलेंडर को आग की चपेट में आने से बचा लिया। साथ ही आग पर भी समय रहते काबू पा लिया। आग से 60 हजार के करीब नुकसान आंका गया है। इस दौरान दमकल विभाग के अग्रसर प्रशामक विजय कुमार, राजकुमार, प्रशामक चंद्रवीर व चालक असलम ने आग पर काबू पाया।
उधर, दमकल विभाग के फायर अधिकारी मेहर सिंह ने बताया कि दोपहर के समय घर में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि आग से 10 हजार के करीब नकदी भी जल गई।
--------घर में आग लगने से 60 हजार का नुकसान
नकदी भी जली, दमकल कर्मियों ने पाया काबू