पांवटा साहिब (सिरमौर)। अमरकोट पंचायत के एक लोकमित्र केंद्र में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बिजली बिल जमा करवाने को लेकर आपस में बहस शुरू हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। शिकायतकर्ता के अनुसार तोड़फोड़ में प्रिंटर और फोन को भी क्षति पहुंची है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पांवटा के गोंदपुर निवासी गुरदीप सिंह (38) पुत्र गुरमेज सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अमरकोट पंचायत प्रधान राकेश कुमार के कार्यालय परिसर में लोकमित्र केंद्र चलाता है। इसमें बिजली के बिल भी जमा किए जाते हैं। लोकमित्र केंद्र में नौ जुलाई की शाम को वह कार्यालय में कार्य कर रहे थे। इस बीच अमरकोट निवासी शोएब पुत्र जाकिर हुसैन पहुंचा, जिनके पास एक बिजली का बिल था। उसने बिल दिया और कहा कि विगत माह पैसे देने के बावजूद बिल जमा क्यों नहीं हुआ? बिल को कंप्यूटर सिस्टम में चेक किया जा रहा था। इस दौरान वह गालीगलौज करते और धमकी देते हुए बाहर निकल गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक कुछ देर बाद शोएब अपने साथ लतीफ मोहम्मद और उसके बेटे को लेकर आ धमका और बिना बातचीत के ही डंडे और प्लास्टिक के पाइप से मारपीट करना शुरू कर दी। मारपीट के दौरान दुकान में रखे प्रिंटर और फोन को तोड़ दिया। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। ग्राम गोंदपुर निवासी गुरदीप सिंह पुत्र गुरमेज सिंह की लिखित शिकायत मिली है। इसके बाद शोएब और अन्य आरोपियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।