त्रिलोकपुर के पास सड़क पार कर रही 18 साल की लड़की से स्कूटी टकरा गई। इस हादसे में लड़की समेत स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कालेज नाहन में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।
पुलिस के अनुसार कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क पर शंभुवाला गांव की 18 वर्षीय लड़की आरती सड़क पार कर रही थी। इस बीच स्कूटी उसकी टांग में टकरा गई। इस हादसे में आरती बुरी तरह से घायल हो गई। स्कूटी सवार 19 वर्षीय अमित और 15 वर्षीय रमन भी घायल हो गए। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के ईएमटी जुल्फीकार अली और पायलट राकेश मौके पर पहुंचे। उन्होंने तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया।
ईएमटी जुल्फीकार ने बताया कि घायल लड़की की टांग में फ्रेक्चर हो सकता है। स्कूटी सवार अमित को सिर में चोट आई है। हादसे में दूसरे सवार को भी काफी चोटें आई हैं।