अमर उजाला ब्यूरो
राजपुर(सिरमौर)।
वन मंडल पांवटा के अंतर्गत वन परिक्षेत्र भगानी में खनन माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी है। वन विभाग ने अवैध खनन करते हुए एक ट्रैक्टर चालक को रंगे हाथों दबोचा। विभाग ने चालक पर 34,050 रुपये का जुर्माना ठोका है। शनिवार को पुरुवाला-किल्लौड़ मार्ग पर माजरी वन बीट में यमुना नदी के समीप विभाग की टीम ने अचानक दबिश दी। इस दौरान अवैध ढंग से रेत-बजरी ले जाती पिकअप और ट्रैक्टर दबोच लिया।
इस दौरान खननकारियों में हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम को पिछले काफी दिनों से प्रदेश सीमा पर यमुना नदी में अवैध खनन की शिकायत मिल रही थी। लिहाजा, टीम ने अवैध व अवैज्ञानिक तरीके से खनन करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर व पिकअप के चालक अवैध रेत-बजरी को भगानी के रास्ते उत्तराखंड ले जाने की फिराक में था। वन परिक्षेत्राधिकारी भगानी स्थित बलदेव ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग ने 28 फरवरी से अवैध खनन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया है। अभी तक दो मामलों में विभाग को सफलता मिल चुकी है।
उन्होंने बताया कि गश्त के दौरान पिकअप नंबर यूके 07 सीए-1861 व ट्रैक्टर यूके16-7466 को रोका तो उसमें रेत बजरी बरामद की गई, जिसे अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि विभाग ने चालक पर 34,050 रुपये का जुर्माना ठोका है। विभाग का यह अभियान जारी रहेगा।
--------------