अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार होने वाले और ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले पुलिस के शिकंजे से नहीं बच पाएंगे। सिरमौर के शहरों में पुलिस ने तीसरी आंख का पहरा बिठा दिया है। नाहन और पांवटा शहर में बेहतरीन क्वालिटी के करीब 20 कैमरों को लगाया जा रहा है जिससे आपराधिक गतिविधियों के साथ ही शहर में आने जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा सकेगी। कैमरे लगने से संदिग्ध प्रवृति के लोग भी नहीं बच पाएंगे। अभी तक नाहन में 5 और पांवटा साहिब में करीब डेढ़ दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
सिरमौर के नाहन और पांवटा शहर में लंबे अरसे से सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना थी। इसके जिला प्रशासन ने धनराशि मंजूर की है। अब इन कैमरों को लगाने का कार्य शुरू किया गया है। सिरमौर पांवटा इलाके में जगह-जगह लगभग डेढ़ दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। जबकि पहले से लगे कुछ कैमरों को ठीक भी किया जा रहा है।
शनिवार को यशवंत चौक के समीप नया सीसीटीवी कैमरा लगाया गया। इस कैमरे से शिमला और शहर के विभिन्न क्षेत्रों को जाने वाले लोगों पर सीधी नजर रखी जा सकेगी। पांवटा शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में भी यह पहल अहम मानी जा रही है। पहले चरण में पांवटा के बद्रीपुर में चार, कालाअंब में तीन, दो सड़का में तीन, धौलाकुआं में एक और यशवंत चौक पर एक कैमरा लगाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि पांवटा और नाहन शहर के अलावा नेशनल हाईवे पर ऐसे स्थानों पर भी कैमरे लगाए जाने हैं जहां पर हिट एंड रन के मामले अधिक रहते हैं। इसके अलावा चोरी की अधिक घटनाओं वाले संवेदनशील स्थानों पर भी यह कैमरे स्थापित किए जाएंगे।
एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य शुरू किया गया है। यशवंत चौक में आज ही कैमरा लगाया गया है। इनसे संदिग्धों पर आसानी से नजर रखी जा सकेगी।