नाहन (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस की एसआईयू टीम ने देसी शराब की बड़ी खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। नाकाबंदी के दौरान टीम ने धौलाकुआं के समीप शराब की तस्करी का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार धौलाकुआं-ददाहू सड़क पर नाकाबंदी के दौरान गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी। बुधवार रात करीब 10 बजे धौलाकुआं की तरफ से एक स्कार्पियो गाड़ी नंबर एचआर23एफ-5374 पहुंची, जिसे चेकिंग के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान गाड़ी के भीतर देसी शराब की 50 पेटी बरामद हुईं। इसमें संतरा मार्का की 600 बोतल पाई गईं। गाड़ी में सवार व्यक्ति शराब का कोई भी लाइसेंस अथवा परमिट पेश नहीं कर सका। जांच के दौरान यह भी पता चला कि इस शराब को सिर्फ हरियाणा में ही बेचा जा सकता था। टीम ने गाड़ी सवार अशोक कुमार और संजीव कुमार निवासी पीरवाला, छछरेली (हरियाणा) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में एसआईयू के प्रभारी एएसआई राजेंद्र सिंह ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि तीन-चार दिन पहले भी एसआईयू टीम ने रुखड़ी के समीप जांच के दौरान एक गाड़ी से देसी शराब की 76 पेटी बरामद की थी। उधर, एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।