नौहराधार (सिरमौर)। नौहराधार तहसील के तहत आने वाले लानाचेता गांव में ढांक में गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। इससे इलाके में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम जोगेंद्र सिंह पुत्र शोभाराम (45) निवासी लानाचेता सूखी लकड़ी लेने जंगल गया था। लकड़ी काटते समय अचानक उसका पांव फिसल गया और वह ढांक में गिर गया। इस हादसे में जोगेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना लोगों ने परिजनों व ग्रामीणों को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव का सिविल अस्पताल राजगढ़ में पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
उधर, राजस्व विभाग नौहराधार के कानूनगो व पटवारी ने मौके पर जाकर परिजनों से मुलाकात की और राहत राशि प्रदान की। नौहराधार तहसील के नायब तहसीलदार पंचराम चौहान ने बताया कि प्रशासन ने पीड़ित परिवार को फौरी राहत के रूप में 20 हजार की राशि प्रदान की है।