अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
शिलाई इलाके में एक व्यक्ति को नशीला पदार्थ खिलाकर बंधक बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि किशाऊ बांध की जद में आने वाली जमीन के लिए आरोपी ने फर्जी तरीके से उसकी जमीन की रजिस्ट्री भी अपने नाम कर ली। इस मामले में पीड़ित के तीन भाइयों ने शिलाई पुलिस को इसकी शिकायत सौंपी है। जबकि उपायुक्त ललित जैन को भी शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई गई है। उपायुक्त ने एसडीएम शिलाई को जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस को सौंपी शिकायत में तीन व्यक्तियों ने उनके भाई को बंधक बनाने के आरोप लगाए हैं। इस पर पुलिस पुलिस ने भी मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शिलाई के कंडारा गांव निवासी फकीरचंद, भगत सिंह व जोगीराम ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि उनका भाई हीरा सिंह पिछले एक सप्ताह के गायब है। उसका मानसिक संतुलन भी सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने उनके भाई को नशीला पदार्थ खिलाकर बंधक बनाया है। आरोप है कि उनके भाई का मानसिक असंतुलन का फायदा उठाकर 22 जनवरी को 2-4 बीघा जमीन की रजिस्ट्री आरोपी ने अपने नाम करवा दी है।
उन्होंने बताया कि जमीन किशाऊ बांध की जद में आ रही है। इससे पहले भी किशाऊ बांध की जद में आने वाली जमीन की गलत रजिस्ट्रियां हुई हैं जिनके इंतकाल अभी तक नहीं हुए हैं। एसडीएम पांवटा ने भी रजिस्ट्रियों में धांधलियां पाई हैं। उसके भाई को भी आरोपियों ने नशीला पदार्थ खिलाकर अपने नाम रजिस्ट्री करवाई है जो पूरी तरह गलत है।
उन्होंने बताया कि डीसी सिरमौर ने किशाऊ बांध के लिए डूबने वाले इलाके में जमीन की खरीद फरोख्त पर रोक लगाई थी। इसके बावजूद भी फर्जी रजिस्ट्रियां हो रही हैं। आरोपी भी जमीन की खरीद फरोख्त के लिए उनके भाई के नाम हुई जमीन को अपने नाम करवाने में लगे हैं।
पीड़ित भाइयों ने मांग की है कि इस मामले में तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि उनका भाई आरोपियों के बंधन से मुक्त हो सकें। साथ ही फर्जी रजिस्ट्रियों के धंधे पर भी रोक लगे। उधर, उपायुक्त ललित जैन ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एसडीएम शिलाई को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। मामले की पूरी छानबीन की जाएगी।