नाहन (सिरमौर)। सदर पुलिस थाना नाहन की टीम ने एक कार से देसी शराब की 264 बोतलें बरामद कीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक नाहन पुलिस को मामले की गुप्त सूचना मिली थी। पुख्ता सूचना के बाद पुलिस ने नाहन-कौलांवालाभूड़ सड़क पर सुरला के समीप दबिश दी। वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने कार नंबर एचपी18ए-6902 की तलाशी ली तो गाड़ी के भीतर देसी शराब की 22 पेटियां बरामद हुईं। इन पेटियों में शराब की 264 बोतलें पाई गईं। आरोपी शराब संबंधी कोई भी लाइसेंस अथवा परमिट पेश नहीं कर पाया। इस पर एसएचओ नाहन विजय कुमार की टीम ने कार चालक मनजीत सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई देसी शराब हरियाणा मार्का की थी, जिसे अवैध ढंग से ही हिमाचल में लाया गया था। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है कि शराब को कहां से लाई गई थी और इसे कहां बेचा जाना था। उधर, मामले की पुष्टि एसपी रोहित मालपानी ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है।