अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। लगभग सात साल पहले एक महिला से लूटपाट कर फरार हुए भगोड़े आरोपी को सिरमौर पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने दिसंबर 2011 में एक महिला से नकदी लूटी थी। इस मामले में जिला पुुलिस की विशेष गठित टीम ने यूपी की मुरादाबाद क्यूआरटी की भी सहायता ली। इसके बाद छापामारी कर आरोपी को मुरादाबाद स्थित उसके घर से दबोचा गया। आरोपी को पांवटा पहुंचाया जा रहा है। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
एसपी रोहित मालपानी ने सात वर्ष पहले के महिला से नकदी की लूट मामले के आरोपी को दबोचने के लिए विशेष टीम गठित की थी। 7 दिसंबर 2011 को महिला से नकदी लूट मामले में आईपीसी की धारा-392 व 342 के तहत मामला दर्ज हुआ था। इस मामले का एक आरोपी बिजनौर की जेल में है। उसे भी पांवटा लाने के लिए भी पुलिस प्रोडेक्शन वारंट की मांग करेगी। एसपी सिरमौर की विशेष गठित टीम में एचएचसी राजेंद्र कुमार, एचएचसी मोहम्मद ताहिर, आरक्षी नरदेव सिंह व मुख्य आरक्षी तेजेंद्र सिंह शामिल रहे। यह टीम उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पहुंच कर अदालत से भगोड़े घोषित आरोपी को देर रात उसी के घर से दबोचने में सफल रही। एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने कहा कि मुुरादाबाद पुलिस का भी टीम को सहयोग मिला। संयुक्त छापामारी के बाद मुरादाबाद के आदर्श कॉलोनी निवासी आरोपी राजेश कुमार पुत्र सुखराम को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।