अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
कामकाज के सिलसिले में चूना खदानों पर अपने साथियों के साथ पहुंचे एक प्रवासी मजदूर की शनिवार को ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। उधर, संगड़ाह पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नेपाली मूल का एक व्यक्ति संगड़ाह उपमंडल में स्थित चूना खदानों पर रोजगार की तलाश में आया था। इस दौरान मंगनी राम बागा अपने दो साथियों विदाराम व पूरण सिंह के साथ प्लाट से भूतमढ़ी की ओर जा रहे एक ट्रक में चढ़ने लगा तो अचानक उसका पैर फिसल गया और ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद ट्रक में मृतक मंगनी राम का शव सिविल अस्पताल ददाहू पहुंचाया गया, जहां रेणुका पुलिस ने शव को संगड़ाह पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए संगड़ाह पुलिस थाना के प्रभारी विरोचन नेगी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मामले में आगामी छानबीन चल रही है।
---------------