पांवटा साहिब (सिरमौर)। नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ छेड़े गए अभियान के अंतर्गत पुलिस ने पांवटा साहिब में बहराल बैरियर के समीप एक व्यक्ति को 2.390 किलोग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) के साथ गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। वह हरियाणा के फैजपुर से चूरा पोस्त की यह खेप पांवटा लेकर आ रहा था।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बहराल में नाका लगाकर मोटरसाइकिल पर चूरापोस्त लेकर पांवटा आ रहे यमुनानगर के फैजपुर निवासी नूर हसन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बहराल बैरियर पर उसकी बाइक (एचआर-71एफ-3480) की तलाशी ली तो एक बोरी में 2.390 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी रोहित मालपानी ने बताया कि नशे का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।