अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)।
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में चल रहे एक सरिया उद्योग में आयकर विभाग ने छापेमारी की है। वीरवार से टीम उद्योग में डटी हुई है। सूत्र बताते हैं कि यह टीम कंपनी का रिकार्ड खंगाल रही है। हालांकि, अधिकारिक तौर पर इसकी कोई पुष्टि नहीं कर रहा है। आयकर विभाग के अधिकारियों के फोन या तो स्विच ऑफ हैं या फिर रिसीव नहीं हो रहे।
जानकारी के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे सरिया उद्योग में वीरवार को आयकर विभाग की टीम ने दस्तक दी। सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग के केंद्रीय कार्यालय के अधिकारियों की टीम सुबह करीब आठ बजे ही कंपनी के कार्यालय पहुंच गई थी। उसके बाद उन्होंने दिन भर कंपनी का रिकॉर्ड खंगाला। इससे पहले आयकर विभाग की टीम ने पुलिस विभाग से मदद मांगी। इसके बाद पुलिस कर्मचारियों के साथ उन्होंने कंपनी में दबिश दी। हालांकि पुलिस कर्मचारियों को केवल सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है।
आयकर विभाग ने इस कार्रवाई के बारे में आधिकारिक तौर पर अभी कुछ नहीं बताया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि सारे दस्तावेज जांचने के बाद ही विभाग इसका खुलासा करेगा। फिलहाल विभाग की टीम शुक्रवार को भी देर शाम तक कार्रवाई में जुटी रही।
उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर बबीता पाल राणा ने बताया कि आयकर विभाग की टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस सहायता की मांग की थी। आधा दर्जन पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।