अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
शहर के दिल्ली गेट के समीप लगते एक मोड़ पर बजरी से लोडिड एक टिप्पर ने अचानक नियंत्रण खो दिया। इसके बाद टिप्पर सड़क से नीचे लुढ़कते हुए एक ट्रक पर जा गिरा। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन शहर की सड़कों पर बढ़ रहे एक के बाद एक हादसों पर कई सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9 बजे दिल्ली गेट के नजदीक शहरी गैस एजेंसी के तीखे मोड़ पर ऊपर की तरफ आ रहे एक बजरी से लदा टिप्पर (एचपी18बी-3322) के चालक ने नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित टिप्पर सिविल सप्लाई गोदाम के परिसर में पहले से खड़े एक ट्रक (एचपी63-4837) पर जा गिरा। गनीमत रही कि शहर के बीचोबीच बड़ा हादसा टल गया। हादसे से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
शहर का व्यस्ततम सड़क मार्ग होने के कारण सड़क दुर्घटना में गिरे ट्रक से बड़ा हादसा भी हो सकता था। बता दें कि हाल ही में शिमला रोड पर एक ट्रैक्टर अचानक रिवर्स होकर चल पड़ा, जिसमें एक युवती को भारी चोटें आई थीं। इसके अलावा जेबीटी स्कूल के नजदीक नाबालिग स्कूटी चालक ने निजी स्कूल के बच्चों को घायल कर दिया था। वहीं महिलाओं को भी चोटें आई थीं। लिहाजा, शहर में हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीं, शहरवासी लगातार मांग उठाते आ रहे हैं कि बजरी, रेत व सरिये इत्यादि से लदे ट्रकों को शहर से गुजरने का समय निर्धारित किया जाना चाहिए।
इसके अलावा रानीताल गेट से दिल्ली गेट तक सड़कों के किनारे खड़े वाहनों को हटाने में भी विलंब नहीं होना चाहिए, अन्यथा हादसे बढ़ सकते हैं। प्रशासन को सबसे पहले सरिये से लदे ट्रकों का समय तय करना होगा। बेहद खतरनाक तरीके से सरिए से लदे ट्रक शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र से गुजरते हैं। बहरहाल, बुधवार को हुए हादसे में दोनों ट्रकों को भारी नुकसान हुआ है।