पुलिस कर्मियों के आवासीय
भवनों का निर्माण कार्य शुरू
रेणुका में 1.16 करोड़ रुपये से तैयार होंगे 10 भवन
2016 में तत्कालीन सीएम वीरभद्र ने किया था शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। रेणुका थाना परिसर में कार्यरत पुलिस कर्मियों के लिए आवासीय भवनों का निर्माण शुरू हो गया है। इन आवासीय भवनों पर 1.16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ठेकेदार ने मंगलवार से कार्य आरंभ कर दिया है। बता दे कि 6 सितंबर 2017 को तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इन आवासीय भवनों का शिलान्यास किया था। डेढ़ वर्ष तक इन भवनों का निर्माण कार्य अटका रहा। शुरुआती दौर में जिस ठेकेदार को काम दिया गया था, उसने इंकार कर दिया था।
अमर उजाला ने इस मसले को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद विभाग ने दोबारा से टेंडर करके नाहन क्षेत्र के किसी दूसरे ठेकेदार को इसका जिम्मा सौंपा। नतीजतन अब ठेकेदार ने पुलिस कर्मियों के लिए बनने वाले आवासीय भवनों का निर्माण शुरू कर दिया है। इससे रेणुका थाने में कार्यरत पुलिस कर्मियों को लाभ मिलेगा। अभी पुलिस कर्मी महंगे किराये के भवनों में रह रहे हैं। इन भवनों का निर्माण पुलिस थाने के नजदीक किया जा रहा है। ऐसे में रात के समय भी कर्मचारी सेवाएं दे सकेंगे। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नीतिश शर्मा ने बताया कि ददाहू में पुलिस कर्मियों के आवासीय भवनों के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। 1.16 करोड़ रुपये की लागत से 10 भवनों का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य को छह माह की अवधि में पूरा कर लिया जाएगा।