नाहन (सिरमौर)।
एटीएम कार्ड नंबर, पिन नंबर जैसी जानकारियां दूसरों को बताने से किसी के भी खाते से पैसे ट्रांसफर किए जा सकते हैं। इस तरह की भूल करने वाले लोग कई बार ठगी का शिकार भी हो चुके हैं। नाहन में एक ऐसा मामला सामने आया है। व्यक्ति ने न तो किसी को एटीएम नंबर दिया और न ही पिन नंबर। फिर भी बैंक खाते से लगभग 11 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। बैंक उपभोक्ता ने संबंधित बैंक के अधिकारियों से इसकी शिकायत की है, जबकि पुलिस में भी मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार एसबीआई की नाहन शाखा में अजीत चौहान और आभा चौहान का ज्वाइंट अकाउंट है। इस खाते के वीआईएसए नंबर से 25 अप्रैल को लगभग 11 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर हुई। पुलिस को दी शिकायत में आभा चौहान ने कहा है कि हालांकि उन्होंने इसके बाद तुरंत कार्ड को ब्लॉक करवा दिया। उन्होंने दावा किया है कि उन्होंने किसी के साथ न तो अपना एटीएम कार्ड नंबर और न ही पिन नंबर साझा किया है। फिर भी उनके खाते से रकम निकाली गई।
उनके अनुसार पहले शातिरों ने तीन किश्तों में 50, 3999 और 7899 रुपये ट्रांसफर किए। वह बैंक के अधिकारियों को भी इस संदर्भ में शिकायत कर चुके हैं। एसबीआई के शाखा प्रबंधक चमन चौहान ने बताया कि किसी को पिन या कार्ड नंबर देने से शातिर पैसे निकाल लेते हैं। ग्राहकों को सावधान रहना चाहिए। यदि अन्य कारणों से पैसे ट्रांसफर हुए हैं तो वह उनके खाते में रिफंड हो जाएंगे। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।