अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)। गुड़गांव से अपने दोस्तों के साथ राजगढ़ के खेड़ाधार इलाके में घूमने आए एक युवक की कंडानाला में डूबने से मौत हो गई है। 18 वर्षीय युवक दोस्तों के साथ खड्ड में नहाने के लिए उतरा था। नहाने के बाद वह फोटो खींच रहा था कि पांव फिसलने से वह खड्ड में डूब गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुड़गांव के मकान नंबर 1204, सेक्टर 46 निवासी राजीव का खेड़ाधार में फार्म हाऊस है। उसका 18 वर्षीय बेटा प्रतीक अपने दो दोस्त क्षितिज और अभिजात्य के साथ वहां आया हुआ था।
शनिवार शाम को सभी दोस्त सैर सपाटे के लिए कंडानाला की ओर निकले, जहां उनका नाले में नहाने का कार्यक्रम बन गया। बताया जा रहा है कि नाले में नहाने के बाद प्रतीक अपने दोस्तों की फोटो खींचने लगा। अचानक उसका पांव फिसल गया और वह नाले की गहराई में डूब गया। हालांकि, उसके साथियों ने उसे नाले से तुरंत बाहर निकाल लिया और उसे राजगढ़ अस्पताल लेकर गए लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी एएसआई सीताराम ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक प्रतीक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
--गुड़गांव से दोस्तों के साथ घूमने आया था युवक
--पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन करने में जुटी