शमशेर स्कूल के छात्र की मौत, कमरे में मृत मिला मनोज
हृदय घात का अंदेशा, दो दिन पहले मनाया था 17वां जन्मदिन
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
राजकीय शमशेर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाहन के 12वीं के छात्र मनोज की सोमवार रात अचानक मौत हो गई। छात्र के निधन की खबर मिलते ही पूरे स्कूल व पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार सोमवार को ही मेधावी छात्र मनोज ने अपना 17वां जन्मदिन मनाया था लेकिन, मंगलवार सुबह जब छात्र ने स्कूल जाने के लिए दरवाजा नहीं खोला तो उसके साथियों ने छात्र के परिजनों को इसकी खबर दी।
इसके बाद छात्र के गांव से उसके पिता नाहन पहुंचे तो दरवाजा खोला गया। देखा तो मनोज मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ा था। मृतक छात्र श्रीरेणुकाजी तहसील के गवाजून सखोली का रहने वाला था। बुधवार को सुबह जैसे ही स्कूल में मेधावी छात्र के निधन की खबर पहुंची तो शोक की लहर दौड़ गई।
स्कूल प्रशासन ने प्रार्थना सभा को स्थगित कर शोक सभा कर मौन रखा। हालांकि मौत की वजह प्राकृतिक बताई जा रही है। संभवतया हार्ट अटैक का अंदेशा लगाया जा रहा है। स्कूल के शिक्षक राजेश गौतम ने बताया कि छात्र बेहद होनहार था। मृतक छात्र विज्ञान संकाय में शिक्षा ग्रहण कर रहा था। अचानक ही निधन की खबर पाकर हर कोई स्तब्ध रह गया।
---------
--हितेश