अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब(सिरमौर)।
हिमाचल यूथ ब्रिगेड ने नशीली खेप की डिलिवरी देने वाले एक युवक को नशे के साथ दबोचने में सफलता हासिल की है। यूथ ब्रिगेड के सदस्यों ने नशे की खेप के साथ दबोचे गए आरोपी युवक को पुलिस के हवाले किया। उधर, पुलिस ने आरोपी के लिए एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को यूथ ब्रिगेड के सदस्यों ने रणनीति के तहत नशे के तस्कर को दबोचने के लिए जाल बिछाया। इसके बाद ब्रिगेड को सफलता भी हाथ लग गई। ब्रिगेड के सदस्यों ने आरोपी से 16.87 ग्राम स्मैक व 23.43 ग्राम कट (स्मैक में मिक्स करने वाला एक पदार्थ) बरामद किया।
हिमाचल यूथ ब्रिगेड पांवटा के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मिक्का, चेयरमैन परविंद्र सिंह, नीरज वर्मा, दर्शन सिंह, गोगी वर्मा, स्नेही चावला, महिला विंग प्रधान सुमन गर्ग, हरप्रीत कौर, नरेंद्र कौर, आशु व सन्नी ने दावा कि पांवटा में अभी भी कई नशे के तस्कर सक्रिय हैं। क्षेत्र के दर्जनों युवा नशे की लत से अपनी जान गवां रहे हैं। अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पांवटा नगर परिषद के वार्ड-10 निवासी आरोपी संजय कुमार उर्फ संजू पर पूरी नजर यूथ ब्रिगेड रखे हुए थी। ब्रिगेड के सदस्यों ने बताया कि मंगलवार को अपने ही एक सदस्य को ब्रिगेड ने ग्राहक बनाकर स्मैक लेने भेजा। 25 हजार की स्मैक ब्रिगेड के सदस्य ने आरोपी से खरीदी। इसके बाद ग्रामीणों और यूथ ब्रिगेड ने रास्ते में स्मैक की डिलिवरी देने पहुंचे आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी को लेकर पुलिस थाना पहुंचे लोगों का मामला दर्ज करवाने को लेकर काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
उधर, डीएसपी ने यूथ ब्रिगेड को सलाह दी कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में ब्रिगेड पुलिस को भी सूचित करे। साथ ही पुलिस का सहयोग लेकर इस तरह के मामलों में कार्रवाई की जाए। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि पांवटा साहिब में नशे के सौदागरों ने बच्चों को बिगाड़ कर रख दिया है। कई युवा तस्करों के जाल में फंसे हुए हैं।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि हिमाचल यूथ ब्रिगेड की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पांवटा नगर परिषद के वार्ड-10 निवासी संजय कुमार उर्फ संजू से स्मैक-कट नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।
--तस्कर सेे 16.87 ग्राम स्मैक, 23.43 ग्राम कट बरामद
हिमाचल यूथ ब्रिगेड के बिछाए जाल में फंसा एक नशा तस्कर
यूथ ब्रिगेड के सदस्यों ने पुलिस के हवाले किया आरोपी, केस दर्ज