अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा पुलिस ने एक स्कार्पियो गाड़ी से अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। अवैध शराब को हरियाणा से पांवटा के रास्ते उत्तराखंड पहुंचाया ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी अनुसार हिमाचल-हरियाणा की सीमा पर पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान अवैध शराब पकड़ी। बहराल बैरियर के पास वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान हरियाणा के यमुनानगर मार्ग से आई स्कार्पियों को जांच के लिए रोका गया। पुलिस को वाहन से 108 बोतलें व्हिस्की, 36 बोतलें मेक्डावल व 336 हाफ एमसी के बरामद हुए। पांवटा पुलिस को इस खेप के पहुंचने की पहले ही गुप्त सूचना मिली थी। बुधवार रात को हरियाणा राज्य की सीमा से सटे बहराल बैरियर पर पांवटा पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर दी। सहायक थाना प्रभारी पांवटा हरमेश चौधरी के नेतृत्व में एचएचसी गोपाल, आरक्षी विपिन टंडन व नवीन कुमार जांच में जुट गए। देर रात को यमुनानगर की तरफ से आ रही एक स्कार्पियों एचआर-29एक्स-5051 को जांच के लिए रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर अवैध शराब की खेप बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर छापर निवासी राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, एसएचओ पांवटा देवानंद गुलेरिया ने बताया कि आरोपी राकेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।