बहराइच-सीतापुर मार्ग पर साथ में शराब पी रहे दोस्तों में बुधवार की रात विवाद हो गया। जिस पर पांच दोस्तों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। उसे गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया है। इस मामले में पुलिस ने दो नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात अंतर्गत गनियापुर बेड़नापुर गांव निवासी धीरेंद्र पांडेय पुत्र सीताराम पांडेय अपने दोस्त मोगलहा निवासी अजमल और बहराइच निवासी भूरे समेत तीन अज्ञात लोगों के साथ बहराइच-सीतापुर मार्ग स्थित भगड़वा पुल के आगे बालाजी धर्मकांटा के पास गया था।
यहां पर सभी दोस्तों ने मिलकर एक साथ शराब पी। शराब पीने के बाद धीरेंद्र की अजमल से कहासुनी हो गई। जिस पर पांचों लोगों ने मिलकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद भूरे ने चाकू से उसके पेट पर वार कर दिया।
गंभीर हालत में रात में उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। चौकी इंचार्ज शंभूनाथ सिंह ने बताया कि युवक की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।