गोविंदघाट में नशेड़ियों पर कसा शिकंजा
पुलिस ने हुड़दंग मचा रहे दो नशेड़ी दबोचे
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देवभूमि हिमाचल के प्रवेश द्वार यमुनाघाट बैरियर के आसपास नशेड़ियों का खूब मजमा लगा रहता है। इसके साथ लगते कन्या स्कूल की छात्राओं, प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मुख्य गुरुद्वारा और कृपालशिला गुरुद्वारा मार्ग पर आवागमन वाले श्रद्धालुओं, यात्रियों समेत राहगीरों को परेशानी होती है। मंगलवार को गोविंदघाट बैरियर के समीप हुड़दंग मचा रहे नशेड़ियों पर पुलिस टीम ने शिकंजा कस दिया। पुलिस ने दो नशेड़ियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को बुधवार को पांवटा एसडीएम की अदालत में पेश किया जाएगा। भीड़भाड़ वाले इस स्थल से होकर ही श्रद्धालु पांवटा के मुख्य गुरुद्वारा साहिब, प्राचीन देईजी साहिबां मंदिर, देवीनगर की विभिन्न कॉलोनियों व गीता भवन मुख्य बाजार की तरफ रास्ता है। दोपहर के बाद इस स्थल के आसपास नशेड़ियों का खूब जमावड़ा लग रहता है। मंगलवार को भी कई नशेड़ियों ने इस स्थल पर महफिल जमाई थी। लोगों की शिकायत पर पांवटा पुलिस टीम ने दो नशेड़ियों को दबोच लिया है। पुलिस पहुंचने से पहले ही कई नशेड़ी भाग खड़े हुए।
डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ एचपी पुलिस एक्ट की धारा-114 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पांवटा के इस क्षेत्र में नियमित रूप से पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है।