पुलिस कर्मी ने बाइक सवार को जड़ा थप्पड़, बरपा हंगामा
कांस्टेबल बोला हुई गलतफहमी, माफी मांगने पर थमा विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा एनएच-7 मार्ग पर बद्रीपुर में करीब 20 मिनट तक जमकर हंगामा बरपा। दरअसल, यातायात पुलिस के एक कर्मी ने बाइक सवार को थप्पड़ जड़ दिया। इसको लेकर पुलिस कक्ष में काफी देर तक दोनों पक्षों में बहस चलती रही।
विवाद बढ़ता देख यातायात पुलिस प्रभारी ने दोनों पक्षों को समझाया। यातायात पुलिस के कर्मी ने गलतफहमी के लिए बाइक सवार से माफी मांगकर पीछा छुड़ाया। इसके बाद ही मामला शांत हो पाया। हालांकि, पुलिस कर्मियों ने तर्क दिया कि किसी को थप्पड़ नहीं मारा गया। केवल गलती से हल्का धक्का लगा था। बुधवार को पांवटा के एनएच-7 मार्ग पर बद्रीपुर चौक में यातायात पुलिस व बाइक चालक के बीच जमकर बहस हुई। यातायात पुलिस कर्मी पर आरोप था कि बाइक चालक को थप्पड़ मार दिया। कहा जा रहा है कि कर्मी ने दो बाइकर्स को रुकने के लिए कहा। इस बीच तेज रफ्तार बाइक पुलिस कर्मी के पांव पर चढ़ने से बची। एक बाइक चालक युवक को यातायात पुलिस कर्मी ने पास थप्पड़ मार दिया। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। बाइक चालक युवक ने अपने रिश्तेदारों को फोन कर दिया। मौके पर पहुंच कर युवक के रिश्तेदारों ने यातायात पुलिस कक्ष में जमकर बहसबाजी की। रिश्तेदारों का कहना था कि किसी भी तरह के नियमों का उल्लंघन हुआ था, तो चालान किया जाना चाहिए। इस तरह के व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। बताया जा रहा है कि यातायात पुलिस प्रभारी ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर किसी तरह शांत करवाया।