उत्तराखंड के गढ़वाल के लिए जरूरी
........................................
चालक को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पंचकूला के चंडी मंदिर के समीप पुलिस टीम ने दबोचा आरोपी
अंबाला थाना में आरोपी के खिलाफ दर्ज है चोरी के मामले
अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)। नैनाटिक्कर में 11 जुलाई की रात टैक्सी चालक को बंधक बनाकर लूटपाट करने का मुख्य आरोपी भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पंचकूला के चंडी मंदिर से गिरफ्तार किए गए आरोपी रजत के खिलाफ चोरी के अन्य मामले भी दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक अंबाला थाना में ही उसके खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज हैं। फिलहाल सिरमौर पुलिस ने आरोपी रजत को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे पहले सराहां पुलिस ने आरोपी प्रदीप को हरियाणा के अंबाला से गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस को तीसरे आरोपी की भी तलाश है।
गौरतलब है कि पुलिस ने आरोपी के साथ लूटी गई कार भी यमुनानगर से बरामद कर ली है। 11 जुलाई को नैनाटिक्कर के समीप उत्तराखंड के गढ़वाल के रहने वाले कार चालक प्रवीण काला को बंधक बनाकर तीन शातिरों ने लूटपाट को अंजाम दिया था। बदमाशों ने ड्राइवर के हाथ पांव बांधकर उसका मोबाइल फोन, दस हजार रुपये छीन लिए थे। इसके बाद बदमाश चालक की कार लेकर फरार हो गए थे। पुलिस कई दिनों से बदमाशों की तलाश कर रही थी। पुलिस ने अंबाला से पहले आरोपी प्रदीप कुमार को हिरासत में लेने के बाद दूसरे मुख्य आरोपी रजत को भी गिरफ्तार किया है।
उधर, एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किया गया दूसरा शख्स मुख्य आरोपी है। इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।