अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देेहरादून-पांवटा एनएच-7 मार्ग पर पातलियों के समीप रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। टैंपो की टक्कर से घायल हुए प्रवासी ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। उधर, पुलिस ने टैंपो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पांवटा इलाके के पातलियों में एक तेज रफ्तार टैंपो ने मिस्त्री का कार्य करने वाले प्रवासी मिस्त्री मनोज कुमार को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बिहार के दरभंगा निवासी मनोज कुमार(35) पुत्र केसर पांवटा क्षेत्र में मिस्त्री का कार्य करके परिवार का गुजर बसर कर रहा था। रविवार देर रात मनोज काम करने के बाद अपने कमरे की तरफ लौट रहा था। इस बीच देहरादून-पांवटा एनएच-7 पर सूरजपुर-पातलियों के समीप एक तेज रफ्तार टैंपो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मनोज के सिर पर गंभीर चोटें आईं। इसके तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पांवटा पुलिस व 108 एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस से घायल को सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात को ही सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने मामले की पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि एनएच-7 सड़क मार्ग पर पातलियों के समीप हादसा हुआ। रविवार देर रात को हुए हादसे में बिहार के दरभंगा निवासी मनोज कुमार (35) पुत्र केसर की मौत हो गई है। आरोपी टैंपो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।