अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा पुलिस ने नशे में हुड़दंग मचाने व पुलिस कर्मचारी से अभद्र व्यवहार करने पर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी एनएच चौक पर बुधवार देर रात हुड़दंग मचा रहा था। जब पुलिस टीम आरोपी को मेडिकल के लिए अस्पताल ले जा रही थी तो हाथापाई कर आरोपी ने कथित तौर पर एक कर्मी की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व हुड़दंग मचाने का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात पांवटा थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति नशे में धुत्त होकर एनएच पर हुड़दंग मचा रहा है। एक निजी बस के चालक से बहसबाजी के दौरान एनएच पर जाम भी लग गया। पुलिस टीम तुरंत महाराजा अग्रसेन चौक पहुंची। पुलिस ने पांवटा के ग्राम अकालगढ़ निवासी कुलविंद्र सिंह को नशे में हुड़दंग मचाते देखा। इसके बाद पुलिस युवक को मेडिकल कराने अस्पताल लेकर गई। वहां पर भी लोगों से युवक ने बहसबाजी शुरू कर दी। एक पुुलिस कर्मचारी ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान युवक ने पुलिस जवान के साथ हाथापाई की। पुलिस ने युवक पर ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की वर्दी फाड़ने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने युवक का मेडिकल करवा लिया है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि पांवटा के ग्राम अकालगढ़ निवासी आरोपी कुलविंद्र सिंह (25) को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर आईपीसी की धारा 353, 332 व 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का भी मामला दर्ज किया गया है।