राजगढ़ (सिरमौर)।
राजगढ़-नौहराधार सड़क पर शलाणा के पास बुधवार को मारुति कार गहरी खाई में गिर गई। इससे उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
सिरमौर में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार को नाहन-पांवटा सड़क पर कोलर के समीप उत्तराखंड की कार सड़क पर ही पलट गई थी। इस हादसे में तीन महिलाएं घायल हुई थीं। ताजा घटनाक्रम में राजगढ़-नौहराधार सड़क मार्ग पर एक मारुति कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। मारुति कार (एचपी 64-5102) सोलन से हरिपुरधार की ओर जा रही थी। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह और शलाणा के मध्य कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जिस कारण उसमें सवार तीनों लोग घायल हो गए। घायलों में शिलाई के कोटी बोंच निवासी कमल (22), जरग शिलाई निवासी निशा (27) और कोटी बोंच निवासी नरेश (28) शामिल हैं। तीनों घायलों को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल राजगढ़ लाया गया है। उप पुलिस अधीक्षक मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज दर्ज कर छानबीन प्रारंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को स्थानीय अस्पताल से जिला अस्पताल सोलन के लिए रेफर किया गया है।