पांवटा साहिब में मोबाइल शोरूम में हुई चोरी के बाद जांच को पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब क्षेत्र में हो रही चोरी की वारदातों को रोकने के पुलिस के तमाम प्रयास धरे के धरे रह गए हैं। शातिर चोर गिरोह पुलिस से एक कदम आगे है। थाना परिसर से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित शोरूम से चोर 40 लाख रुपये के मोबाइल चुराकर ले गए लेकिन, पुलिस को भनक तक नहीं लगी। ऐसे में पुलिस की रात्रि गश्त और पीसीआर वैन की मुस्तैदी के दावों पर भी सवाल उठ खड़े हुए हैं। वीरवार को वारदात को अंजाम देने के लिए आई-20 कार में पूरी तैयारियों के साथ चोरी की गई। चोरों ने बातामंडी इलाके से एक गाड़ी की नंबर प्लेट उखाड़ कर अपनी गाड़ी में लगा दी थी। ऐसे में गाड़ी तक पहुंचना ही पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित होगा। पांवटा में पिछले कुछ माह से एक दर्जन से अधिक चोरियां और स्नैचिंग की वारदातें हो चुकी हैं। शहर और आसपास सक्रिय चोर गिरोह बेखौफ हैं। वीरवार को करीब 40 लाख की चोरी से साफ लग रहा है कि चोरी की वारदात को पूरी रेकी और तैयारियों के साथ अंजाम दिया गया। प्रिंस मोबाइल गैलरी में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोर मुख्य बाजार में सफेद रंग की आई-20 गाड़ी में पहुंचे थे। वारदात को अंजाम देने के लिए बेहद शातिराना ढंग से बातामंडी क्षेत्र में एक कार की नंबर प्लेट उखाड़ कर अपने वाहन में लगा ली थी। पांवटा निहालगड़ क्षेत्र निवासी सतनाम सिंह ने दिलेरी दिखाते हुए कार का पीछा किया था लेकिन, शातिरों ने पत्थरों की बरसात करके उनकी गाड़ी का शीशा तक तोड़ दिया। शातिर चोर गिरोह मोबाइल गैलरी शॉप को निशाना बना रहे हैं। वीरवार को वारदात में गिरोह सदस्यों न चुन-चुन कर केवल मंहगे ही स्मार्टफोन उड़ाए। इससे पहले भुपपुर और बातापुल के समीप मोबाइल शॉप में चोरी की वारदात हो चुकी हैं। प्रिंस मोबाइल गैलरी पांवटा में तीसरी बार वारदात हुई। पहली बार शटर उखाड़ने की आवाज होने पर बिजली जलाते ही चोर भाग खड़े हुए थे। करीब डेढ़ वर्ष पहले भी चोरों ने शटर में जैक लगाकर उसे उठा लिया। भीतर प्रवेश कर गैलरी से मोबाइल ले उड़े थे। इस बार चालीस लाख की बढ़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी। मोबाइल शॉप के आसपास और शहर में विभिन्न स्थलों पर लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जांच टीम ने दुकान से कुछ फिंगर प्रिंट ले लिए हैं।
रात्रि गश्त और पीसीआर वैन को दिया गच्चा
शातिर चोर गिरोह पूरी रणनीति व सफाई से वारदात को अंजाम दे रहे है। शहर में पुलिस की रात्रि गश्त व पीसीआर वैन घूमती है। लेकिन, गिरोह तमाम सुरक्षा व्यवस्था को मात दे रहे है। बढ़ती चोरियों की वारदातें जनता के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है।
सुरेश तोमर
...