छह शिक्षकों पर बलवा व मारपीट का केस
दो ब्लॉक मंत्री और एक जिला मंत्री नामजद, तीन अज्ञात शामिल
तीन दिन पूर्व सदर बीआरसी पर शिक्षकों के दो गुटों में हुआ था मारपीट
सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात शिक्षकों को चिह्नित करेगी कोतवाली पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। सदर बीआरसी पर समायोजन के दौरान मारपीट करने वाले एक शिक्षक संगठन के तीन पदाधिकारियों समेत छह लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। कार्रवाई के बाद आरोपी शिक्षकों में खलबली मच गई है। बीआरसी के सीसीटीवी कैमरे फुटेज से पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
तीन दिन पूर्व सदर बीआरसी कार्यालय पर माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों का समायोजन का कार्य चल रहा था। शाम को मामूली बात को लेकर प्राथमिक शिक्षक संगठन के दो गुटों में मारपीट हो गई। इसमें एक गुट के शिक्षकों ने दूसरे गुट के भाटपाररानी के ब्लॉक मंत्री दिलीप प्रताप शुक्ला की पिटाई कर दी। आधे घंटे तक बीआरसी कार्यालय अखाड़ा बना रहा। बाद में विभागीय अफसरों के हस्तक्षेप से बवाल शांत हुआ। शिक्षकों की इस करतूत से विभाग की काफी किरकिरी हुई। कोतवाली पुलिस ने शैलेंद्र सिंह गुट के ब्लॉक मंत्री दिलीप प्रताप शुक्ला की तहरीर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अनिल भारती, जिलामंत्री भाटपाररानी नगर के शिव मंदिर वार्ड निवासी विजय सिंह, भाटपाररानी ब्लॉक के मंत्री अजय सिंह, बरहज ब्लॉक मंत्री अशोक सिंह और तीन अज्ञात लोगों पर बलवा, मारपीट का केस पुलिस ने दर्ज किया है। पुलिस कार्रवाई के बाद अनिल भारती गुट के शिक्षकों में नाराजगी है। प्रभारी कोतवाल राजबीर सिंह यादव ने बताया कि छह लोगों पर केस दर्ज किया गया है। अज्ञात लोगों की पहचान बीआरसी के सीसीटीवी फुटेज में मारपीट की घटना कैद हुई है।